FIFA WC 2026: एम्बाप्पे के जादू से फ्रांस का कमाल, पराग्वे को घर भेज नौवीं बार क्वार्टर फाइनल में रखा कदम
![]()
FIFA WC 2026 : फीफा वर्ल्ड कप 2026 में राउंड ऑफ 16 का पहला मुकाबला फ्रांस और पराग्वे के बीच खेला गया. जर्मनी का सफर समाप्त करने वाली पराग्वे की टीम से लेकिन एक बड़ी गलती हुई. इसके चलते फ्रांस को पेनल्टी मिली और किलियन एम्बाप्पे ने बेहतरीन गोल करके फ्रांस को 1-0 से बढ़त दिला दी. एम्बाप्पे का यही गोल जीत और हार का बड़ा अंतर बना और फ्रांस ने 1-0 से जीत दर्ज करके पराग्वे को घर भेज दिया. जबकि फ्रांस की टीम ने वर्ल्ड कप के इतिहास में नौवीं बार क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई और पिछली बार उनकी टीम रनर-अप रही थी.
फ्रांस ने पराग्वे को ज्यादा खेलने नहीं दिया
फ्रांस ने शुरुआत से ही गेंद को अपने कंट्रोल में रखा और साउथ अमेरिका से आने वाली पराग्वे टीम को ज्यादा खेलने का मौका नहीं दिया. फ्रांस लगातार अटैक पर अटैक करता जा रहा था. जबकि पराग्वे की टीम लो ब्लॉक बनाकर सिर्फ डिफेंस ही कर रही थी और उस पल का इंतजार कर रही थी कि अचानक उनका कोई खिलाड़ी अकेले गेंद लेकर फ्रांस के हाफ में जाकर कुछ करिश्माई गोल कर दे. लेकिन फ्रांस के 4-2-3-1 फॉर्मेशन के आगे पराग्वे के खिलाड़ियों की एक भी नहीं चली. पराग्वे मैच में शॉट्स लेती कम बल्कि बचाती ज्यादा नजर आई.
पराग्वे के खिलाड़ी से हुई भारी गलती
मैच के पहले हाफ में दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकीं और फ्रांस ने कुल पांच शॉट्स दागे तो 80 प्रतिशत तक गेंद पर कब्जा जमाए रखा. पराग्वे के खिलाड़ी फ्रांस के दमदार खिलाड़ियों से गेंद छीनने में असमर्थ नजर आ रहे थे. इसके बाद दूसरे हाफ में भी डिफेंस करते-करते मैच के 65वें मिनट में पराग्वे के मिडफील्डर डिएगो गोमेज़ से एक बड़ी गलती हो गई.
फ्रांस को मिली पेनल्टी
डिएगो गोमेज़ ने लो ब्लॉक (5-4-1) फॉर्मेशन से खेलने वाली पराग्वे के लिए एक टैकल किया. इसमें वह फ्रांस के सब्स्टिट्यूट खिलाड़ी डेसिरे डुए से टकराए. जिसके चलते डेसिरे डुए मैदान में गिर गए और रेफरी को इसमें कुछ भी गलत नजर नहीं आया. लेकिन तभी VAR रेफरी ने इसे चेक किया और मैदानी रेफरी से साइड लाइन के बाहर जाकर इस टैकल को देखने का अनुरोध किया. मैच रेफरी ने जब साइड लाइन के बाहर जाकर इस टैकल को देखा तो साफ पाया कि डेसिरे डुए को पराग्वे के डिएगो गोमेज़ ने जानबूझकर गिराया. इसके चलते फ्रांस को गिफ्ट के तौर पर पेनल्टी मिली.
अर्जेंटीना की वही पुरानी बीमारी, 4 साल बाद भी नहीं बदली 'गला घोटू अप्रोच'
किलियन एम्बाप्पे का जादू
अब 70वें मिनट में फ्रांस के लिए उनके स्टार खिलाड़ी किलियन एम्बाप्पे ने आसानी से पेनल्टी को गोल में तब्दील कर दिया. जिससे फ्रांस की टीम मैच में 1-0 से आगे हो गई और उसके बाद अपने डिफेंस को मजबूत रखते हुए पिछले 2022 वर्ल्ड कप की रनर-अप टीम ने 1-0 से ही मैच को अपने नाम कर लिया. जबकि इसके साथ ही पराग्वे का सफर समाप्त हो गया तो किलियन एम्बाप्पे वर्ल्ड कप इतिहास में 19 गोल करने के साथ मेसी (20 गोल) से सिर्फ एक कदम ही पीछे रह गए हैं.
फ्रांस का किससे होगा मुकाबला
फ्रांस की बात करें तो अब उनका क्वार्टर फाइनल में मोरक्को की टीम से सामना होगा. जिसने कनाडा को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है. फ्रांस और मोरक्को के बीच ये बेहतरीन मुकाबला नौ जुलाई को खेला जाएगा. मोरक्को भी बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रही है और पिछले वर्ल्ड कप में उनकी टीम ने पुर्तगाल को घर भेज दिया था. जिससे अब फ्रांस को उनसे सचेत रहना होगा.
FIFA WC: ब्राजील को टक्कर देगी हॉलैंड वाली नॉर्वे, जानें Live Streaming डिटेल्स