बंगाल की जिन 152 पर आज हो रही वोटिंग, जानिए पिछले चुनाव में वहां कैसे रहे थे नतीजे, BJP और TMC में रही टक्कर

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के पहले चरण के लिए गुरुवार को सुबह 7 बजे से मतदान जारी है. इस चरण में उत्तरी बंगाल और राज्य के दक्षिणी हिस्से के 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हो रहा है. सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गई हैं. जिन 152 सीटों पर वोटिंग हो रही है, यहां पिछले विधानसभा चुनाव-2021 में बीजेपी और टीएमसी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली थी. उत्तर बंगाल की 54 सीटों पर जहां बीजेपी का पलड़ा भारी रहा था, वहीं दक्षिण बंगाल की बाकी सीटों पर टीएमसी ने क्लीन स्वीप जैसा प्रदर्शन किया था. जानिए 2021 के चुनाव में किसने कैसा किया था प्रदर्शन.

उत्तर बंगाल की सीटों पर रहा बीजेपी का गढ़

विधानसभा चुनाव-2021 में उत्तर बंगाल की 54 सीटों पर बीजेपी का दबदबा रहा था. बीजेपी ने कूचबिहार उत्तर, अलीपुरद्वार और फालाकाटा जैसी महत्वपूर्ण सीटों पर बड़े अंतर से जीत दर्ज की. इसके अलावा कालचीनी जैसी सीटों पर बीजेपी की जीत का अंतर 15% तक रहा. ये बताता है कि पिछले चुनाव में पार्टी क्षेत्रीय स्तर पर कितनी मजबूत हुई. इसकी एक मुख्य वजह राजबंशी और मतुआ समुदायों का समर्थन रही. इसके साथ ही चाय बागान श्रमिकों के मुद्दों ने भी बीजेपी के पक्ष में माहौल बनाया. टीएमसी यहां केवल 5 सीटें ही जीत पाई थी. इनका अंतर भी काफी कम था.

उत्तर बंगाल का कैसा रहा रिजल्ट?

  • कूचबिहार की 9 सीटों में से 7 पर बीजेपी जीती, 2 TMC
  • अलीपुरद्वार की सभी 5 सीटों पर बीजेपी जीती
  • जलपाईगुड़ी की 7 सीटों में से 4 पर BJP जीती बाकी 3 पर TMC
  • दार्जिलिंग की सभी 5 सीटों पर बीजेपी का क्लीन स्वीप
  • कालिम्पोंग सीट पर गोरखा जनमुक्ति मोर्चा जीता
  • उत्तर दिनाजपुर 9 सीटों में से 7 पर TMC, 2 पर BJP जीती
  • दक्षिण दिनाजपुर 6 सीटों में से 3 पर बीजेपी और 3 पर TMC जीती
  • मालदा की 12 सीटों में से 8 पर TMC और 4 पर BJP जीती

दक्षिण बंगाल: टीएमसी का 'अभेद्य किला'

दक्षिण बंगाल में TMC ने क्लीन स्वीप जैसा प्रदर्शन करते हुए 150 से ज्यादा सीटें जीतीं. कोलकाता की सभी 11 सीटों, हावड़ा की 16 सीटों और झारग्राम की 4 सीटों पर टीएमसी ने एकतरफा जीत हासिल की. इस क्षेत्र की 111 सीटों में से टीएमसी ने 96 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि भाजपा केवल 14 सीटें ही जीत पाई.  इसकी एक वजह'लक्ष्मी भंडार' जैसी योजनाओं, महिला मतदाताओं का झुकाव और 'बाहरी बनाम बंगाली' के नारे ने टीएमसी को यहां अजेय बना दिया. 

दक्षिणी बंगाल का कैसा रहा रिजल्ट?

  • पूर्व मेदिनीपुर की 16 सीटों में से TMC ने 14 और BJP ने 2 जीतीं
  • पश्चिम मेदिनीपुर की 14 सीटों में से TMC: 10 और BJP: 4
  • झाड़ग्राम की 4 सीटों में से TMC: 3 और BJP: 1
  • पुरुलिया की 9 सीटों में से TMC: 6 और BJP: 3
  • बांकुरा की 12 सीटों में से BJP: 8 और TMC: 4
  • पश्चिम बर्धमान की 7 सीटों में से TMC: 6 और BJP: 1
  • बीरभूम की 11 सीटों में से TMC: 11 BJP: 0

नंदीग्राम में हुई प्रतिष्ठा की लड़ाई

पिछले चुनाव में सबका फोकस रहा नंदीग्राम सीट पर. इस सीट पर ममता बनर्जी और उनके पूर्व सहयोगी और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी आमने-सामने थे. इस सीट पर सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 1,956 वोटों के अंतर से हराया. ममता बनर्जी ने इस परिणाम को कलकत्ता उच्च न्यायालय में चुनौती दी. भले ही ममता बनर्जी नंदीग्राम से चुनाव हार गईं, लेकिन उनकी पार्टी ने राज्य में भारी बहुमत हासिल किया. 

यह भी पढ़ें: मुर्शिदाबाद में वोटिंग के दौरान हुमायूं कबीर और TMC समर्थकों में झड़प, सुरक्षाकर्मियों से भी धक्कामुक्की, VIDEO