24 घंटे के अंदर 12 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट, 65 की स्पीड से चलेगी हवा, IMD की चेतावनी

आज का मौसम 23 अप्रैल 2026: देश में इस समय दो तरह के मौसम देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ उत्तर भारत भीषण गर्मी की मार झेल रहा है। दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान सहित कई राज्यों में लू जैसी स्थिति है। वहीं, दूसरी तरफ पूर्वोत्तर में बारिश कहर ढा रही है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने 12 राज्यों में बारिश (Rain) और आंधी-तूफान (Thunderstorm) को लेकर अलर्ट जारी किया है। बारिश वाले राज्यों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी अनुमान है। इन राज्यों में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा शामिल हैं।

आईएमडी के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में 24 और 25 अप्रैल को लू की स्थिति देखने को मिल सकती है, जबकि उत्तर प्रदेश (23-26 अप्रैल), राजस्थान (24-26 अप्रैल), मध्य प्रदेश (23-26 अप्रैल), विदर्भ और छत्तीसगढ़ (24-27 अप्रैल) तथा गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड (22-23 अप्रैल) के कुछ हिस्सों में भी ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना है।

इन राज्यों में पड़ेगी भीषण गर्मी

मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23-25 ​​अप्रैल, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23-26 अप्रैल; राजस्थान में 24-26 अप्रैल; मध्य प्रदेश में 23-26 अप्रैल, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 24 से 27 अप्रैल और पश्चिम बंगाल के गंगा मैदानी क्षेत्र, बिहार तथा झारखंड में 23 अप्रैल को लू चलने की संभावना है। 23 से 25 अप्रैल के बीच ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, पश्चिम बंगाल के गंगा मैदानी क्षेत्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, तटीय कर्नाटक और गुजरात के तटीय क्षेत्रों के कुछ इलाकों में गर्म और आर्द्र स्थिति बनी रह सकती है।

दिल्ली के लिये येलो अलर्ट जारी

  • दिल्ली (23 से 27 अप्रैल): राजधानी दिल्ली में आज (23 अप्रैल) तीखी गर्मी पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने 'येलो अलर्ट' जारी किया है। आने वाले दिनों में लू की पहली लहर का सामना करना पड़ सकता है। 23 अप्रैल (आज) को तापमान बढ़कर 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, 24 और 25 अप्रैल को स्थिति और गंभीर हो सकती है, जब अधिकतम तापमान क्रमशः 43 डिग्री और 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। इन दोनों दिनों के लिए हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है। 26 और 27 अप्रैल को भी गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं।

यूपी में झुलसाने वाली गर्मी की मार

  • यूपी (23 से 26 अप्रैल), उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में झुलसाने वाली धूप और लू का प्रकोप देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 से 26 अप्रैल तक पश्चिमी में भीषण लू का कहर देखने को मिल सकता है। राज्य में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सका है। वहीं लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा और मेरठ में भी गर्म हवाएं चल सकती है।

आपके शहर में आज कैसा रहेगा मौसम, जानें

शहरअधिकतम तापमान (23 अप्रैल, 2026)न्यूनतम तापमान (23 अप्रैल, 2026)
दिल्ली42°C24°C
मुंबई36°C25°C
चेन्नई38°C27°C
कोलकाता38°C25°C
लखनऊ43°C25°C
पटना41°C27°C
रांची39°C23°C
भोपाल42°C25°C
जयपुर42°C27°C
शिमला27°C17°C
नैनीताल27°C18°C
केदारनाथ16°C1°C

बिहार में आंधी तूफान के आसार

  • बिहार (23 से 26 अप्रैल), मौसम विभाग ने बिहार के अधिकतर जिलों में 23 अप्रैल को लू चलने की संभावना जताई है। हालांकि इसके बाद दो-तीन दिनों तक आंधी, बारिश और बिजली का दौर जारी रहेगा। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। आंधी-तूफान के कारण बिहार में गर्मी का असर कुछ हद तक कम हो सकता है। वहीं राजधानी पटना में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

झारखंड में आज कैसा रहेगा मौसम

  • झारखंड (23 से 26 अप्रैल तक): मौसम विभाग (आईएमडी) ने झारखंड के 4 जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। राज्य के उत्तर पूर्वी भाग में दुमका, जामताड़ा, धनबाद और बोकारो में लू का अलर्ट है। वहीं, आईएमडी ने राज्य के कई क्षेत्रों में 24 अप्रैल से 3 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग ने कहा कि 24, 25 और 26 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश, 30-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं, आंधी-तूफान की संभावना है। आज (23 अप्रैल) राज्य के 14 उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश की संभावना है। वहीं, 25 अप्रैल को उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी तथा मध्य क्षेत्र के कुछ जिलों में बारिश का अनुमान है।

राजस्थान में भीषण गर्मी का अनुमान

  • राजस्थान (23 से 26 अप्रैल), राजस्थान में मौसम विभाग ने 24 से 26 अप्रैल तक भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा, उदयपुर और में अजमेर दिन में अत्यधिक गर्मी का प्रभाव देखने को मिल सकता है।

पश्चिम बंगाल में आज कैसा रहेगा मौसम

  • पश्चिम बंगाल (23 से 28 अप्रैल): दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में 25 अप्रैल तक उष्ण लहर की स्थिति बने रहने की संभावना है। आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि निचले स्तरों पर शुष्क पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने तथा मौसमी सौर तापन के कारण 25 अप्रैल तक दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में लू या गर्म और उमस भरी स्थिति रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि हालांकि, इस सप्ताह के दौरान उत्तर बंगाल के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। आईएमडी ने कहा कि दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी जैसे उप-हिमालयी जिलों में 28 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

हिमाचल-उत्तराखंड में बारिश के आसार

  • हिमाचल (23 से 28 अप्रैल), हिमाचल प्रदेश में 25 से 28 अप्रैल तक, उत्तराखंड में 25 और 26 अप्रैल को छिटपुट से लेकर हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। जबकि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 25 से 28 अप्रैल तक छिटपुट से लेकर मध्य बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।