पुलिसकर्मी का गला दबाया; दरोगा पर जंजीर से वार, लखनऊ में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पत्थरों से हमला

लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के बादल खेड़ा-बुद्धेश्वर इलाके में अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम की टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया. नगर निगम कर्मचारियों के साथ मौजूद पुलिस टीम को भी निशाना बनाया गया. एफआईआर के मुताबिक, हमलावरों ने पुलिसकर्मियों और नगर निगम कर्मचारियों से मारपीट की, सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया और पुलिस टीम को घेरकर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला किया. हमले के दौरान एक उपनिरीक्षक का पीछे से गला दबाने का आरोप है. वहीं, एक महिला ने लोहे की भारी जंजीर से दरोगा के सिर पर वार कर दिया. पुलिस ने मौके से दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है. घटना में इस्तेमाल लोहे की जंजीर भी बरामद की गई है.

अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी टीम

एफआईआर के अनुसार, नगर निगम की टीम सार्वजनिक नालियों और सड़कों पर गोबर डालकर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी. टीम सरकारी दायित्वों का निर्वहन करते हुए बादल खेड़ा-बुद्धेश्वर इलाके में पहुंची थी. पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू होते ही करीब 20-25 लोग एकजुट होकर विरोध करने लगे. आरोप है कि भीड़ में शामिल लोग लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और अन्य हथियार लेकर नगर निगम और पुलिस टीम पर टूट पड़े. हमलावरों ने सरकारी वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए और कर्मचारियों के साथ मारपीट व गाली-गलौज की.

Lucknow Nagar Nigam Action: अतिक्रमण टीम पर हमला

दरोगा को पीछे से पकड़कर गला दबाने का आरोप

एफआईआर में उपनिरीक्षक विनय पटेल ने आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति उन्हें पीछे से पकड़कर गला दबाने लगा. स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया. इसी दौरान एक महिला ने लोहे की जंजीर से उनके सिर पर हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, हमले के दौरान महिला पुलिसकर्मियों और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई की गई. हालात बिगड़ने पर पुलिस ने आरोपियों को नियंत्रित करने के लिए घेराबंदी की.

Lucknow News: पुलिस टीम पर हमला

दो महिलाएं गिरफ्तार, जंजीर बरामद

पुलिस ने मौके से दो महिलाओं को गिरफ्तार किया. एफआईआर में उनकी पहचान खुशबुन और आफरीन के रूप में दर्ज है. पुलिस के अनुसार, खुशबुन के पास से घटना में इस्तेमाल लोहे की जंजीर बरामद हुई. जांच में पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल के वीडियो और अन्य साक्ष्यों को भी विवेचना में शामिल किया है.

14 नामजद, 10-12 अज्ञात लोगों पर भी केस

इस मामले में 14 लोगों को नामजद किया गया है. इनमें अबरार उर्फ भूरे, इमरान, सालून, सुबिल, सराफत, अतीक, आसिफ, नसीम उर्फ जालीमुल्ला, रानू, जीशान और नफीस समेत अन्य आरोपी शामिल हैं. इसके अलावा करीब 10-12 अज्ञात पुरुषों को भी मुकदमे में आरोपी बनाया गया है.

गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

पारा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. एफआईआर में बीएनएस, लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम और सीएलए एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं. मामले की जांच उपनिरीक्षक गौरव सिंह को सौंपी गई है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें : अमिताभ बच्चन ने शेयर किया यूपी पुलिस का पहला आधिकारिक एंथम ‘खाकी का सितारा'; 6.5 मिनट में पुलिस की पूरी कहानी