'अभिजीत दीपके AAP कार्यकर्ता', रिजिजू बोले- CJP फाउंडर छात्र कैसे बन गए?
![]()
Kiren Rijiju Attack Abhijeet Dipke: केंद्रीय मंत्री किरने रिजिजू ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके पर करारा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि दिपके आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ता हैं, ऐसे में वे छात्र कैसे बन गए. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े कार्यकर्ता हैं और छात्र नेता के रूप में खुद को पेश कर रहे हैं. रिजिजू ने कहा कि जंतर-मंतर पर चल रहे युवा नेतृत्व वाले आंदोलन में छात्रों की चिंताएं वास्तविक हैं, लेकिन राजनीतिक दलों की ओर से आंदोलन को अपने हितों के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश उचित नहीं है.
न्यूज एजेंसी ANI को दिए एक इंटरव्यू में रिजिजू ने छात्र आंदोलनों से उभर रहे नए युवा नेतृत्व पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि सरकार छात्रों की वास्तविक समस्याओं को गंभीरता से लेती है और उनसे सीधे संवाद के लिए तैयार है. हालांकि, उन्होंने छात्र सक्रियता और राजनीतिक अवसरवाद के बीच अंतर करने की जरूरत बताई. रिजिजू ने कहा, ‘छात्रों की चिंताएं जायज हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी और अन्य लोगों की ओर से स्थिति को अपने राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल करना सही नहीं है.’ उन्होंने अभिजीत दिपके का जिक्र करते हुए कहा कि वह महाराष्ट्र से हैं और AAP कार्यकर्ता रहे हैं, ऐसे में उन्हें छात्र नेता के तौर पर पेश किए जाने पर सवाल उठता है. केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि चुनावी झटकों के बाद कुछ राजनीतिक दल छात्रों की आड़ में अपना एजेंडा आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि छात्रों में स्वाभाविक ऊर्जा और जुनून होता है और सरकार उनसे बातचीत कर सकती है, लेकिन राजनीतिक दलों को छात्रों के पीछे छिपकर अपने राजनीतिक हित साधने से बचना चाहिए.
जेन Z पर क्या बोले किरेन रिजिजू?
रिजिजू ने भाजपा और Gen Z के बीच कथित दूरी की धारणा को भी खारिज किया. उन्होंने कहा कि भारतीय और व्यापक एशियाई समाज में परिवार और पीढ़ियों के बीच संबंध मजबूत होते हैं. उनके मुताबिक, युवाओं और बुजुर्गों के बीच विचारों का अंतर होना स्वाभाविक है, लेकिन इसे लगातार संवाद के जरिए कम किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं की बातें सुनने के साथ-साथ उन्हें अपनी नीतियों और फैसलों के बारे में समझाना भी चाहिए. रिजिजू के अनुसार, Gen Z के साथ लगातार संवाद ही पीढ़ियों के बीच दूरी कम करने का प्रभावी तरीका है.
अभिजीत दिपके का AAP से पुराना नाता
अभिजीत दिपके का AAP से पुराना जुड़ाव पहले भी चर्चा में रहा है. CJP के गठन से पहले उनके AAP से जुड़े होने की जानकारी सामने आई थी. 2021 से 2024 के बीच उनके पुराने X पोस्ट भी सामने आए हैं, जिनमें AAP के प्रति समर्थन दिखाई देता है. इन्हीं पोस्ट के आधार पर उनके मौजूदा राजनीतिक संबंधों को लेकर सवाल उठे हैं. CJP ने फिलहाल खुद को राजनीतिक दल में बदलने से इनकार किया है. संगठन का कहना है कि वह अभी एक दबाव समूह के तौर पर काम करेगा. इसी क्रम में CJP की ओर से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत ग्रामीण इलाकों के सरकारी स्कूलों की समस्याओं को सामने लाने का दावा किया जा रहा है.
CJP के आंदोलनों को राजनीतिक दलों का समर्थन
जून से जुलाई के बीच CJP के नेतृत्व में हुए बड़े आंदोलन को कई विपक्षी दलों का समर्थन मिला था. आम आदमी पार्टी और समाजवादी पार्टी समेत विभिन्न राजनीतिक दल इस आंदोलन के समर्थन में सामने आए थे. आंदोलन के बाद तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की घटना ने इसे राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया था. अब रिजिजू के बयान से छात्र आंदोलन और उसके राजनीतिक समर्थन को लेकर नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है.