जानलेवा पारिवारिक कलह : पति ने पत्नी को मारी गोली तो बेटे ने पिता को मार डाला
![]()
चित्तौड़गढ़. चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना इलाके के सुवाणियां गांव में सोमवार देर रात पारिवारिक रंजिश ने भयानक खूनी रूप ले लिया. मामूली विवाद के बाद भड़के झगड़े में पति ने अपनी पहली पत्नी की गोली मारकर जान ले ली. मां को अपनी आंखों के सामने दम तोड़ते देख बेटे का गुस्सा फूट पड़ा और उसने लाठियों से हमला कर मौके पर ही अपने पिता की जान ले ली. इस दौरान बीच-बचाव में आई मृतक की तीसरी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे प्राथमिक इलाज के बाद नाजुक हालत में उदयपुर रेफर किया गया है.
गंगरार पुलिस उपाधीक्षक उदय सिंह ने बताया कि कोतवाली थाना इलाके के भैरूसिंहजी का खेड़ा निवासी भगवाना कालबेलिया ने तीन शादियां की थी. उसकी पहली और दूसरी पत्नी पैतृक गांव भैरूसिंहजी का खेड़ा में रहती थी. भगवाना पिछले कुछ समय से अपनी तीसरी पत्नी तारा के साथ सुवाणियां गांव में नदी किनारे स्थित एक खेत पर रहकर फसल और मवेशियों की रखवाली करता था.
गोली लगते ही पहली पत्नी की मौत हो गई
सोमवार रात करीब 9 बजे भगवाना अपनी तीसरी पत्नी तारा और कुछ अन्य परिचितों के साथ खेत पर बैठा था. इसी दौरान उसकी पहली पत्नी भोमली, दूसरी पत्नी लाडू और भोमली का बेटा अनिल वहां पहुंचे. वे भगवाना पर पैतृक गांव लौटने का दबाव बनाने लगे. बातचीत देखते ही देखते तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज में बदल गई. इस दौरान तैश में आकर भगवाना ने अपने पास में रखी बंदूक से फायर कर दिया. इससे गोली इसकी पहली पत्नी भोमली को लग गई. इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात के बाद मौके पर हड़कंप मच गया
मां की मौत से बौखलाए बेटे अनिल ने पास पड़ी लाठी उठाई और पिता भगवाना के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. गंभीर चोटों के कारण भगवाना भी लहूलुहान होकर गिर पड़ा और उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई. गुस्से में अनिल ने भगवाना की तीसरी पत्नी तारा पर भी लाठी से वार किया. इससे वह भी जख्मी हो गई. वारदात के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. मामले की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और उच्च अधिकारियों को सूचित किया.
मृतक की तीसरी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है
पुलिस उप अधीक्षक उदय सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद में डबल मर्डर हुआ है. भगवाना और पहली पत्नी के भोमली के शव को चित्तौड़गढ़ जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया. हमले में घायल तारा को चित्तौड़गढ़ जिला चिकित्सालय ले जाया गया. वहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर कर दिया गया है. इसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है. घटनास्थल पर तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
पुलिस सभी एंगल से पूरे केस की जांच कर रही है
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया. टीम ने वहां से आवश्यक साक्ष्य जुटाए. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद अब शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है. पुलिस सभी एंगल से पूरे केस की जांच कर रही है. डबल मर्डर की इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.