पीलीभीत में आवारा पशु को बचाने के चक्कर में ट्रक से टकराई पुलिस की PRV, 3 जवान घायल

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। थाना गजरौला कलां क्षेत्र के माला मोड़ के पास मंगलवार तड़के एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। आवारा पशु को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई पुलिस का पीआरवी वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। इस हादसे में पीआरवी वाहन में सवार तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। फिलहाल, तीनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

मंगलवार सुबह करीब 5:21 बजे पीआरवी-5919 बिठौरा बैक प्वाइंट से थाना गजरौला लौट रहा था। माला मोड़ के पास रास्ते में अचानक आवारा पशु आ जाने पर उसे बचाने के प्रयास में पीआरवी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक संख्या यूपी 25 एटी 1045 से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीआरवी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही थाना गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन से घायल पुलिसकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

तीनों घायलों को पीआरवी-7960 से उपचार के लिए जिला अस्पताल पीलीभीत भेजा गया।घायलों में हेड कांस्टेबल सचिन कुमार, कांस्टेबल रूपचंद और होमगार्ड चालक हजारीलाल शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य है और उनका उपचार कराया जा रहा है।

माला मोड़ बना हादसों का हाट स्पॉट

माला मोड़ पर बार-बार हो रहे सड़क हादसे स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। क्षेत्र में आवारा पशुओं की आवाजाही, सड़क किनारे खड़े वाहन और तेज रफ्तार यातायात के चलते हादसों का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि माला मोड़ के आसपास पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से माला मोड़ को हादसों की दृष्टि से संवेदनशील मानते हुए आवारा पशुओं की रोकथाम, सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने पर कार्रवाई, पर्याप्त संकेतक एवं सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पीआरवी को सुरक्षित कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। माला मोड और हाईवे पर पहले एक किलोमीटर तक अतिक्रमण के कारण इस सड़क हादसे हुए हैं। इसके बाद फुटपाथ पर आवारा पशु आ जाते हैं और बीच रोड पर बैठते हैं। इस वजह से हादसे हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में घर बसाने का सपना होगा पूरा, तीन बड़े आवासीय प्रोजेक्ट पर जल्द शुरू होगा काम