AUS vs BAN: दो पारियां मिलाकर 160 नहीं बना सका बांग्लादेश; ऑस्ट्रेलिया पारी और 51 रन से जीता, हिसाब बराबर किया

ऑस्ट्रेलिया ने मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरीना में खेले गए दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश को पारी और 51 रन से हरा दिया है। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया। दोनों ही टेस्ट लगभग एकतरफा रहे। पहला टेस्ट बांग्लादेश ने नौ विकेट से अपने नाम किया था। वहीं, दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बांग्लादेश को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया।

स्टार्क बने प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज

बांग्लादेश की पहली पारी 64 रन पर समाप्त हुई थी। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 210 रन पर समाप्त हुई और उन्होंने 146 रन की बढ़त हासिल हुई। बांग्लादेश की दूसरी पारी 95 रन पर सिमट गई। मिचेल स्टार्क को उनकी दमदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। स्टार्क ने इस मैच में 10 विकेट लिए, जबकि पहले टेस्ट में दो विकेट लिए थे।

दो दिन में खत्म हुआ टेस्ट

दूसरे दिन (रविवार) के खेल की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया ने आठ विकेट पर 165 रन से शुरू की। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 210 रन पर सिमटी। कैमरन ग्रीन ने 67, स्टीव स्मिथ ने 42 और नाथन लियोन ने 32 रन बनाए। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश पर 146 रन की बढ़त बनाई। बांग्लादेश के लिए शोरिफुल इस्लाम ने सात विकेट लिए थे।

बांग्लादेश 95 रन पर ऑलआउट

बांग्लादेश दूसरी पारी में भी ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजी आक्रमण का सामना नहीं कर सकी और 38.3 ओवर में 95 रन पर सिमट गई। बांग्लादेश की दूसरी पारी दूसरे दिन के तीसरे सेशन की तीसरी गेंद पर सिमटी। बांग्लादेश के लिए कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने सर्वाधिक 31 रन बनाए। मुशफिकुर रहमान 29 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दो अंकों में प्रवेश नहीं कर सका। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क ने चार, जबकि पैट कमिंस और नाथन लियोन ने तीन-तीन विकेट लिए। 

बांग्लादेश ने पहली पारी में 64 रन बनाए थे

इससे पहले बांग्लादेश पहली पारी 64 रन पर सिमट गई थी। मिचेल स्टार्क ने छह विकेट चटकाए थे। डार्विन टेस्ट में मिली हार ऑस्ट्रेलिया को अपने घर में बांग्लादेश से मिली पहली हार थी। इस हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम को आलोचना झेलनी पड़ी थी। डार्विन टेस्ट नौ विकेट से गंवाने वाली ऑस्ट्रेलिया ने साउथ मैके में जोरदार और खतरनाक वापसी की और बांग्लादेश को संभलने का मौका नहीं दिया। सीरीज 1-1 से बराबर रही।