संवाद सूत्र, बागपत। किरठल गांव में पड़ोसियों की कथित दबंगई और रास्ते के विवाद से परेशान एक परिवार ने अपने मकान के बाहर ‘मकान बिकाऊ है’ का पोस्टर लगा दिया।
पोस्टर लगते ही मामला ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बन गया। मकान मालिक उदयवीर का आरोप है कि पड़ोसी रास्ते पर कब्जा किए हुए हैं और विरोध करने पर आए दिन गाली-गलौज कर परिवार को परेशान करते हैं। इससे परिवार को घर से आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उदयवीर का कहना है कि रास्ते के विवाद को लेकर पड़ोसियों से कई बार कहासुनी हो चुकी। मामले की शिकायत पुलिस से भी की गई, लेकिन समाधान नहीं हो सका।
तंग आकर परिवार ने मकान बेचने का निर्णय लिया और घर के बाहर ‘मकान बिकाऊ है’ का पोस्टर लगा दिया। घर में रहने के बावजूद उन्हें आने-जाने के रास्ते को लेकर परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर रास्ते से कथित कब्जा हटवाने और परिवार को परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मकान पर लगा पोस्टर ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- कोलकाता में भिक्षु बना मिला दो दोस्तों का हत्यारोपित नरेशनाथ, बागपत में मर्डर कर मंदिर में दबाए थे शव
India’s Leading Platform for Government Exam Prep