राजस्थान: पति-पत्नी और बेटी… क्या जहर खाकर दी जान? अजमेर में कारोबारी के परिवार की 3 मौतों से हड़कंप

अजमेर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र के गढ़ी मालियान इलाके में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया. मृतकों की पहचान फर्नीचर व्यवसायी अशोक शर्मा, उनकी पत्नी इंद्रा शर्मा और बेटी दीक्षा शर्मा के रूप में हुई है. तीनों के जहर खाने का सेवन करने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

देर रात परिवार के तीन सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. तीनों को बेहोशी की हालत में संभाग के सबसे बड़े जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल ले जाया गया. यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अशोक शर्मा, इंद्रा शर्मा और दीक्षा शर्मा को मृत घोषित कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना सीआई ओमप्रकाश मीणा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घर का जायजा लिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने के लिए जांच की.

बेटा दूसरे कमरे में सो रहा था

बताया जा रहा है कि घटना के समय अशोक शर्मा का बेटा गौरव भी घर में मौजूद था. गौरव जयपुर की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है और करीब दो दिन पहले ही घर आया था. घटना के वक्त वह दूसरे कमरे में सो रहा था. उसकी पत्नी पीहर गई हुई थी.

पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान गौरव भी बेहोश हो गया था. उसे इलाज के लिए जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है. पुलिस अब गौरव की स्थिति और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की भी जानकारी जुटा रही है.

लाखों रुपये के कर्ज की भी चर्चा

स्थानीय लोगों के अनुसार, फर्नीचर व्यवसायी अशोक शर्मा पर लाखों रुपये का कर्ज था और वह इसे लेकर काफी परेशान रहते थे. हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है कि आर्थिक तंगी ही परिवार की मौत की वजह थी.

पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या अशोक शर्मा ने कर्ज के दबाव में परिवार के साथ यह कदम उठाया या घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अशोक पर किन लोगों का कर्ज था और क्या हाल के दिनों में उन्हें किसी तरह का दबाव या परेशानी झेलनी पड़ रही थी.

पोस्टमार्टम के बाद साफ होगी मौत की वजह

आदर्श नगर थाना सीआई ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि अशोक शर्मा और उनके परिवार के सदस्यों ने कथित तौर पर कीटनाशक का सेवन कर लिया है. पुलिस मौके पर पहुंची तो तीनों बेहोशी की हालत में मिले. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

तीनों शवों को जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे. पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.