मुंगेर में 7 साल पुराने अपहरण केस का सनसनीखेज पर्दाफाश: 1700 किमी दूर हैदराबाद में बुर्के में मिली मौसम, पता चली ये कहानी

बिहार के मुंगेर जिले में सात साल पुराने एक चर्चित 'अपहरण' मामले का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. साल 2019 में श्यामपुर थाना क्षेत्र से रहस्यमय तरीके से गायब हुई शादीशुदा महिला मौसम कुमारी को पुलिस की एसआईटी (SIT) टीम ने तेलंगाना के हैदराबाद से सकुशल बरामद कर लिया है. जांच में सामने आया है कि महिला अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई थी और वहां मोहम्मद जुबैर नाम के शख्स के साथ रह रही थी, जिससे उसके दो बच्चे भी हैं.

2019 में दर्ज हुआ था अपहरण का मामला

मामला 2 अगस्त 2019 का है, जब भागलपुर जिले के नारायणपुर निवासी ज्वाला सिंह ने अपनी बेटी मौसम कुमारी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. मौसम की शादी 2015 में श्यामपुर के पुरुषोत्तम गांव निवासी विकास कुमार से हुई थी. विकास तेलंगाना के सिकंदराबाद में प्राइवेट नौकरी करता था. 23 जुलाई 2019 को मौसम के सास राधिका देवी ने उसके मायके वालों को सूचना दी कि बहू घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी. काफी खोजबीन के बाद जब उसका पता नहीं चला, तो पिता ने ससुराल वालों पर आशंका जताते हुए अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी.

समीक्षा में खुली ठंडे बस्ते में पड़ी फाइल

तकनीकी संसाधनों की कमी के चलते उस वक्त मामला लंबित फाइलों में चला गया था. हाल ही में मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने जिले के पुराने पेंडिंग केसों की समीक्षा की. मामला सामने आने पर उन्होंने तुरंत थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर केस को जल्द सुलझाने के निर्देश दिए.

CDR और सर्विलांस से मिली 1700 किमी दूर की लोकेशन

एसआईटी ने जब महिला के मायके वालों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाले, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ. 7 साल से लापता बताई जा रही महिला अपनी मां और भाई से लगातार फोन पर संपर्क में थी. नंबरों को सर्विलांस पर लेने के बाद उसकी लोकेशन तेलंगाना के हैदराबाद में ट्रेस हुई. इसके बाद श्यामपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार की टीम करीब 1,700 किलोमीटर का सफर तय कर तेलंगाना पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से अल्लाहपुर थाना क्षेत्र से बुर्के में रह रही मौसम कुमारी को बरामद कर मुंगेर ले आई.

सिकंदराबाद में दोस्ती, फिर प्यार और फरार

पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि जनवरी 2019 में सिकंदराबाद में रहने के दौरान उसकी मुलाकात मोहम्मद जुबैर से हुई थी. दोनों के बीच दोस्ती हुई जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई. 23 जुलाई 2019 को वह अपनी मर्जी से जुबैर के साथ हैदराबाद चली गई. महिला ने बताया कि 2020 में उसने एक बेटी और 2022 में एक बेटे को जन्म दिया. आधार कार्ड में नाम न बदलने की वजह से दस्तावेजों में उसका नाम आज भी मौसम कुमारी ही दर्ज है. उसने साफ कहा कि वह अपनी मर्जी से गई थी और अब जुबैर के साथ ही रहना चाहती है; वह अपने पति या माता-पिता के पास वापस नहीं जाना चाहती.

गुमराह करने वाले परिजनों पर हो सकती है कार्रवाई

मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि परिवार के लोगों को महिला के ठिकाने की पूरी जानकारी थी, लेकिन उन्होंने पुलिस का सहयोग नहीं किया और मामला लटकाए रखा. एसपी ने कहा कि महिला को बरामद कर लिया गया है, उसका मेडिकल कराया जा रहा है और इसके बाद कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा. पुलिस पूरे मामले के कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है और पुलिस को गुमराह करने व सहयोग न करने पर परिजनों पर भी विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. वहीं, केस सुलझाने वाली एसआईटी टीम को पुरस्कृत किया जाएगा.

स्कूटी से लौट रहे पूर्व पार्षद और साथी को बदमाशों ने घेरा, ताबड़तोड़ फायरिंग में दो घायल