पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का राहुल गांधी पर सीधा हमला, बोले- छात्रों को जवाब चाहिए
![]()
Dharmendra Pradhan direct attack on Rahul Gandhi: लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का भारतीय जनता पार्टी की तरफ से जबरदस्त प्रतिरोध देखने को मिल रहा है। नीट पेपर लीक और उसके बाद हुए कॉकरोच आंदोलन की वजह से इस्तीफा देने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी इंदौर में हुए छात्रों की गूंज कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकसभा नेता प्रतिपक्ष हर जगह एक 'मैन्यूफैक्टर्ड नैरेटिव' लेकर छात्रों के पास पहुंच जाते हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के बाद मंत्री पद छोड़ने वाले धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया साइट पर लिखे एक पोस्ट में राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, "विपक्ष के नेता राहुल गांधी एक माइक्रोफोन और सिस्टम बनाम छात्र की बनावटी कहानी लेकर इंदौर पहुंचे हैं।" उन्होंने जोर देकर कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों की हर समस्या को केवल कब्जे में लिए गए सिस्टम का सबूत बताकर राजनीतिक नारों में समेट दिया है। उन्होंने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि छात्र जवाब चाहते हैं कोई राजनीतिक नाटक नहीं।
राहुल गांधी के आरोपों पर पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गिनाए आंकड़े
इंदौर पहुंचे राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था के ऊपर बड़े सवाल खड़े किए। उन्हें इन्हीं आरोपों का जवाब देते हुए पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शिक्षा के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए गए कामों का ब्यौरा साझा किया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा में नामांकन अनुपात 2014-15 में 23.7% से बढ़कर 2023-24 में 30% हो गया है। प्रधान ने पीएम-विद्यालक्ष्मी, पीएम-ऊषा और परीक्षा प्रणालियों को मजबूत करने के उपायों का भी जिक्र किया।
पेपर लीक पर भी बोले धर्मेंद्र प्रधान
पेपर लीक की वजह से ही कुर्सी छोड़ने वाले धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी की तरफ से लगाए जा रहे आरोपों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पिछले सालों में सरकार ने लगातार पेपर लीक को खत्म करने के लिए कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा को बढ़ाया है। इसके साथ ही उन्होंने 2024 में सरकार द्वारा सार्वजनिक परीक्षा को लेकर लाए गए नियमों का भी जिक्र किया। इसके तहत नीट पेपर लीक जैसे मामलों से निपटने के लिए सख्त सजा का प्रावधान किया गया है।