'13 साल की थी, जब अपने ही कजिन ने...', श्रेया कालरा ने खोला बचपन का दर्दनाक राज, रोते हुए बोलीं- मां उसे बेटा मानती हैं

'लॉक अप 2' में इस हफ्ते कंटेस्टेंट्स को अपना सबसे बड़ा राज दुनिया के सामने बताना था. इसी दौरान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेया कालरा ने अपनी जिंदगी का ऐसा दर्दनाक सच बताया, जिसे सुनकर घर का माहौल पूरी तरह भावुक हो गया. उनकी बात सुनते ही कई कंटेस्टेंट्स की आंखें नम हो गईं.

13 साल की उम्र में झेला यौन शोषण

शो में जब आकांक्षा चौधरी ने श्रेया कालरा का सीक्रेट सामने लाने का मौका चुना, तो श्रेया ने बताया कि 13 साल की उम्र में उनके एक कजिन ने उनका यौन शोषण किया था. श्रेया ने कहा कि वह यह राज इसलिए छिपाना चाहती थीं क्योंकि इससे उनके परिवार पर गहरा असर पड़ सकता है.

उन्होंने कहा- मैं अपना सीक्रेट इसलिए नहीं छिपा रही थी कि फिनाले में जाना है. मुझे भरोसा है कि मैं अपनी मेहनत से वहां पहुंच सकती हूं. लेकिन मैं नहीं चाहती थी कि यह बात बाहर आए, क्योंकि इससे मेरे परिवार में बहुत कुछ बदल सकता है.

'मम्मी को आज तक नहीं बताया'

श्रेया ने बताया कि बचपन में वह अक्सर अपनी नानी के घर जाती थीं. वहीं यह घटना हुई थी. उन्होंने कहा- मैं 13 साल की थी. उस वक्त मुझे समझ भी नहीं आता था कि मेरे साथ क्या हो रहा है. मेरे परिवार में आज तक किसी को इस बारे में नहीं पता. सिर्फ ऋषभ (जायसवाल- श्रेया के बॉयफ्रेंड) को यह बात मालूम है.

उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी की सहानुभूति नहीं चाहतीं. वो बोलीं- मैं खुद को पीड़ित बनाकर नहीं देखना चाहती. मैं नहीं चाहती कि लोग शो के बाहर जाकर मुझ पर तरस खाएं. श्रेया ने बताया कि उन्होंने अपनी मां को इसलिए भी कुछ नहीं बताया क्योंकि जिस रिश्तेदार पर उन्होंने आरोप लगाया, उसकी मां का निधन हो चुका था.

उन्होंने कहा- उसकी मां नहीं रही थीं और मेरी मां ने करीब तीन साल तक उसकी देखभाल की थी. अगर मम्मी को यह सच पता चलेगा तो वह पूरी तरह टूट जाएंगी.

भाई की शादी को लेकर भी थीं परेशान

श्रेया ने बताया कि उनका सगा भाई नवंबर में शादी करने वाला है. उन्होंने कहा- मेरे भाई की पिछली सगाई टूट गई थी क्योंकि मैं इस इंडस्ट्री में हूं और कुछ विवाद हुए थे. अब उसकी जिंदगी फिर से पटरी पर आ रही है. मुझे डर था कि कहीं यह सच सामने आने से उसकी खुशियां फिर प्रभावित न हो जाएं.

अपनी बात खत्म करते हुए श्रेया बेहद भावुक हो गईं. उन्होंने कहा- मुझे सबसे ज्यादा इस बात का दुख है कि मैं हमेशा लोगों से कहती हूं कि अपने हक के लिए लड़ो, लेकिन मैं खुद इतने साल तक अपनी बात किसी से कह नहीं पाई. इतना सब होने के बाद भी मैं उसी रिश्तेदार की शादी में अपने परिवार के साथ गई थी.

कौन हैं श्रेया कालरा?

श्रेया कालरा मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली हैं. वह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, कंटेंट क्रिएटर, एक्ट्रेस और रियलिटी शो पर्सनैलिटी हैं. साल 2020 में MTV Roadies Revolution में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट बनने के बाद उन्हें पहचान मिली. डांस वीडियो, फैशन और लाइफस्टाइल कंटेंट के जरिए उन्होंने सोशल मीडिया पर अच्छी-खासी लोकप्रियता हासिल की है.

Watch Live TV in Hindi

Watch Live TV in English