आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया के प्रदर्शन की समीक्षा करेगी बीसीसीआई, टीम चयन पर भी होगी बात
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीआई) अगले महीने की शुरुआत में आयरलैंड, इंग्लैंड और जिम्बाब्वे में भारतीय टीम के प्रदर्शन की समीक्षा करेगा। इसके अलावा टीम इंडिया के कुछ सपोर्ट स्टाफ कुछ सदस्यों के अनुबंधों पर भी निर्णय लिया जाएगा। शनिवार को क्रिकबज़ से बात करते हुए, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि समीक्षा में हाल में हुए व्हाइट बॉल मैचों को शामिल किया जाएगा। इसके तहत आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया का प्रदर्शन शामिल है। भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र वनडे मैच जीत पाई थी।
भारत को पिछले महीने बेलफास्ट में आयरलैंड के हाथों दो मैचों की टी20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पांच में से चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में उसे हार मिली। इसके अलावा टीम को वनडे सीरीज भी 1-2 से गंवाना पड़ा था। सैकिया ने यह नहीं बताया कि समीक्षा का दायरा क्या होगा, लेकिन इतना जरूर कहा कि इसके तहत सपोर्ट स्टाफ के कुछ सदस्यों के अनुबंधों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
इससे पहले खबर आई थी कि सहायक रायन टेन डोएशेट ने पद छोड़ने की इच्छा जताई थी। डोएशेट दो साल का अनुबंध पूरा कर चुके हैं। हालांकि, फील्डिंग कोच टी दिलीप के भविष्य को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।
श्रीलंका के खिलाफ टीम चयन पर चर्चा
सैकिया ने यह भी बताया कि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम का चयन मंगलवार को किया जाएगा। भारत 15 से 27 अगस्त तक गाले और कोलंबो में दो टेस्ट मैच खेलेगा। टीम सेलेक्शन की इस बैठक में जसप्रीत बुमराह के नाम की चर्चा हो सकती है। उन्हें इस सीरीज के लिए चुना जाएगा या नहीं इस पर बात होगी। हालांकि उनके चुने जाने की संभावना ज्यादा है। उनके अलावा सिराज की वापसी हो सकती है। सबसे बड़ा सवाल है कि क्या चयनकर्ता रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज आकिब नबी को मौका मिलेगा।
नीतीश को नहीं मिलेगा मौका
ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी, बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं, उनके चयन की संभावना कम है। रेड्डी ने आखिरी बार जून में चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे में भारत के लिए खेला था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें हिंदी में पढ़ें और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ जैसे कि बिज़नेस, एंटरटेनमेंट, क्रिकेट, लाइफस्टाइल, एजुकेशन और वायरल Times Now Navbharat पर।