साहिबाबाद में दिनदहाड़े दुकान से 50 हजार की तांबे की प्लेटें चोरी, CCTV में दिखे चोर तो सब रह गए दंग

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र में चोरों ने एक दुकान का शटर उठाकर 50 हजार रुपये कीमत की तांबे की प्लेट चोरी कर लीं। घटना के समय दुकानदार शटर गिराकर खाना खाने के लिए गया था। वापस लौटने पर घटना का पता चला। मामले में पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।

श्याम पार्क मेन निवासी विनोद कुमार की पड़ोस में ही दुर्गा इलेक्ट्रिकल के नाम से दुकान है। उन्होंने दर्ज एफआइआर में बताया है कि वह 11 जुलाई की दोपहर में करीब ढाई बजे दुकान का शटर गिराकर खाना खाने घर गए थे।

जानकारों ने की चोरी

इस दौरान चोरों ने शटर उठाकर भीतर रखी करीब 50 हजार कीमत की तांबे की प्लेट चोरी कर लीं। करीब एक घंटे बाद जब वह वापस लौटे तो दुकान का शटर उठा हुआ था और अंदर रखीं लगभग 38 किलो की तांबे की प्लेट गायब थीं।

मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की गई तो जानकार रवि और अमित दुकान चोरी करते हुए दिखाई दिए। पीड़ित ने दोनों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है।

प्रभारी एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है। दोनों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में गजब! सोने के गहने ही नहीं किचन के बर्तन और टोटियां तक उड़ा ले गए चोर