IND vs NZ: रोहित शर्मा ने तोड़ा क्रिस गेल का वर्ल्ड रिकॉर्ड; 650वां छक्का लगाकर रचा नया इतिहास

रोहित शर्मा रविवार को इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड पहले वनडे मैच में अच्छे टच में नजर आए लेकिन बड़ी पारी से चूक गए। उन्होंने वडोदरा के मैदान पर 39 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों के दम पर 26 रन बनाए।'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित ने दो जबर्दस्त कारनामे अंजाम दिए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल का धांसू वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ डाला है। रोहित बतौर ओपनर वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले प्लेयर बन गए हैं। वह 329 सिक्स जड़ चुके हैं। गेल ने अपने करियर में ओपनर के रूप में 328 सिक्स उड़ाए। उनके बाद श्रीलंका के पूर्व सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या (263) हैं।

650वां छक्का लगाकर रचा नया इतिहास

रोहित ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 650 सिक्स कंप्लीट कर लिए हैं। उन्होंने नया इतिहास रचा है। रोहित यह आंकड़ा छूने वाले दूनिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। रोहित के बाद सबसे ज्यादा इंटरनेशनल सिक्स गेल के बल्ले से निकले। गेल ने 483 मैचों में 553 छक्के जमाए। रोहित ने अभी तक 506 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। सर्वाधक सिक्स लगाने वाले खिलाड़ियों की फेहरिस्त में तीसरे नंबर शाहिद अफरीदी हैं। पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर अफरीदी ने 508 मैचों में 553 छक्के ठोके। रोहित ने पिछले महीने वनडे में शाहिद (351) का सर्वाधिक सिक्स का रिकॉर्ड ध्वस्त किया था। 'हिटमैन' के खाते में अभी वनडे में 357 सिक्स हैं।

यह भी पढ़ें- अब भी कप्तान कहूंगा...जय शाह ने रोहित की तारीफों के बांधे पुल, रिएक्शन वायरल

रोहित शर्मा बने काइल जैमीसन का शिकार

वडोदरा में 301 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सधा हुआ आगाज किया। रोहित और कप्तान शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 39 रनों की साझेदारी की। रोहित की पारी का अंत नौवें ओवर में हुआ। उन्हें काइल जैमीसन ने कप्तान माइकल ब्रेसवेल के हाथों लपकवाया। रोहित ने अपनी पारी में पहला सिक्स जकारी फाउल्केस के छठे ओवर में जमाया। उन्होंने दूसरा हवाई फायर जैमीसन द्वारा डाले गए सातवें ओवर में किया था। इससे पहले, न्यूजीलैंड की टीम मध्य क्रम के लड़खड़ाने के बावजूद उबरने में सफल रही। न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल (84) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।