चाचा के घर से 4 किलो सोना गायब, प्रेमी के लिए खरीदी 25 लाख की कार; रांची से भतीजी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के जशपुर के परिवहन पदाधिकारी (DTO) विजय निकुंज के सरकारी आवास और पैतृक मकान से नगदी, जेवर समेत 5 करोड़ की संपत्ति की चोरी का खुलासा हुआ है। जशपुर पुलिस ने मामले में डीटीओ की भतीजी को उसके प्रेमी अनिल प्रधान के साथ रांची में एक होटल से शनिवार को गिरफ्तार किया।

युवती जशपुर में एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। उसके पास से पुलिस ने एक एसयूवी, 86 हजार नगद, सोना के बिस्किट, जेवर व आइफोन समेत 51. 82 लाख की संपत्ति बरामद की है। मुख्य आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस तीन अन्य आरोपी लंकेश्वर बड़ाइक, अलीशा भगत और अभिषेक इंद्रवार को भी गिरफ्तार कर चुकी है।

प्रेमी के लिए खरीदी थी 25 लाख की कार

जशपुर एसपी ने शनिवार को जशपुर में बताया कि डीटीओ ने छह दिसंबर को केराडीह-रैनीडांड में 4 किलो सोना व करीब 20 लाख नकद समेत कुल पांच करोड़ की संपत्ति चोरी का केस जशपुर के नारायणपुर में दर्ज कराई। इसके बाद से ही पुलिस छानबीन में जुट गई थी। जानकारी के अनुसार, डीटीओ की भतीजी ने अपने प्रेमी के लिए 25 लाख की कार की खरीदारी की थी।

यह भी पढ़ें- ड्रग तस्करों पर नकेल कसने की तैयारी में झारखंड पुलिस, अब जब्त हो जाएगा प्रॉपर्टी

इसके अलावा रायपुर और भिलाई के होटलों में करीब पांच लाख रुपये पार्टी और मौज-मस्ती पर खर्च किए। इसके बाद वह प्रेमी के साथ रांची चली आई और यहां एक होटल में ठहरी हुई थी। इधर चोरी की घटना के बाद से फरार भतीजी पर पुलिस का शक और गहरा हो गया था। पुलिस ने आधुनिक तरीके से तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना पर रांची के एक होटल से उन्हें हिरासत में लिया था। इसके बाद उसे नारायणपुर थाना ले जाया गया। जहां सख्ती बरतने पर वह टूट गई और चोरी का भेद खुल गया। पुलिस के मुताबिक इससे पूर्व उसने सबसे पहले आईफोन की खरीदारी के लिए दो लाख रुपये की चोरी डीटीओ चाचा के आवास से की थी। मामला पकड़ में नहीं आने के बाद उसने फिर से चोरी की योजना तैयार की।