सारांश जैन का डेब्यू क्यों है स्पेशल? 21वीं सदी में पहली बार हुआ ऐसा, शमी-मुरली के दुर्लभ क्लब में एंट्री
![]()
Who is Saransh Jain: श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट में भी सिक्का भारत के पक्ष में गिरा. कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर बिना हिचकिचाए बल्लेबाजी करने का फैसला किया. कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे मैच में ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिला है. सारांश को स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है, जो वायरल इन्फेक्शन की वजह से ये मैच नहीं खेल रहे हैं.
सारांश जैन का इंटरनेशनल डेब्यू इसलिए भी स्पेशल है, क्योंकि उनके बारे में फैंस को ज्यादा जानकारी नहीं है. इसके पीछे की बड़ी वजह ये है कि 33 साल के ऑलराउंडर ने अभी तक आईपीएल में डेब्यू नहीं किया है. वो भारत के सिर्फ तीसरे ऐसे खिलाड़ी बने हैं, जो IPL से पहले भारत के लिए डेब्यू कर रहे हैं.
सारांश जैन का डेब्यू क्यों है खास?
सारांश जैन बिना आईपीएल खेले भारत के लिए डेब्यू करने वाले तीसरे खिलाड़ी बने हैं. उन्होंने पूर्व ओपनर मुरली विजय और स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के स्पेशल क्लब में जगह बना ली है. बता दें कि मुरली विजय ने 6 नवंबर, 2008 को भारत के लिए टेस्ट में डेब्यू किया था, जबकि IPL में उन्होंने पहला मैच 2 मई, 2009 को चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में खेला था.
भारत के स्टार पेसर मोहम्मद शमी के साथ भी ऐसा ही हुआ था. दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 6 जनवरी, 2013 को पाकिस्तान के खिलाफ ODI मैच में भारत के लिए डेब्यू किया था. शमी ने उसी साल 8 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से आईपीएल में डेब्यू किया था. अब सारांश जैन ने भी इस दुर्लभ क्लब में एंट्री मार ली है, लेकिन उन्हें आईपीएल डेब्यू का इंतजार है.
IPL में डेब्यू करने से पहले इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले भारतीय खिलाड़ी
- मुरली विजय (टेस्ट - बनाम ऑस्ट्रेलिया, नागपुर, 2008)
- मोहम्मद शमी (ODI - बनाम पाकिस्तान, दिल्ली, 2013)
- सारांश जैन (टेस्ट - बनाम श्रीलंका, कोलंबो SSC, 2026)
21वीं सदी में डेब्यू करने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय
मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर सारांश जैन का टेस्ट डेब्यू एक और वजह से बेहद खास है. दरअसल, उन्होंने 33 साल और 145 दिन की उम्र में भारत के लिए डेब्यू किया है. इसके साथ ही सारांश 21वीं सदी में भारत के सबसे उम्रदराज़ टेस्ट डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. सबा करीम ने 2000 में ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ 32 साल और 362 दिन की उम्र में टेस्ट डेब्यू किया था.
कौन हैं सारांश जैन?
सारांश जैन लंबे समय से डोमेस्टिक क्रिकेट में एक्टिव हैं. श्रीलंका दौरे पर उन्हें चोटिल वाशिंगटन सुंदर की जगह टीम में शामिल किया गया था. श्रीलंका में इंडिया A के लिए उनके शानदार प्रदर्शन ने उनकी दावेदारी को और मजबूत किया. पहले अनौपचारिक टेस्ट में साधारण प्रदर्शन के बाद, जैन ने दूसरे टेस्ट में ज़बरदस्त छाप छोड़ी. उन्होंने छह विकेट लिए और नाबाद 70 रन बनाए.
वे 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन में मध्य प्रदेश के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से एक रहे. उन्होंने 7 मैचों में 57.55 की औसत से 518 रन बनाए, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल थे. गेंदबाजी में उन्होंने 20.43 की औसत से 30 विकेट लिए. सारांश जैन ने अब तक 54 फर्स्ट क्लास मैचों में 31.75 की औसत से 2223 रन बनाए हैं और साथ ही ऑफ स्पिन गेंदबाजी से 188 विकेट चटकाए हैं. सारांश जैन को अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भारत की टेस्ट कैप पहनाई.
यह भी पढ़ें: स्टार्क से भी खतरनाक निकले शोरिफुल इस्लाम, अकेले तोड़ दी ऑस्ट्रेलिया की कमर, टूट गया 18 साल पुराना रिकॉर्ड