जहां प्यार की कद्र नहीं, पुणे में पहाड़ी से छलांग लगाने वाली महिला का वीडियो वायरल, पति से थी अलग
![]()
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में कोहड्या डोंगर पहाड़ी की 250 फीट गहरी खाई में गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। मरने वालों में माता-पिता और बेटा शामिल था। यह दर्दनाक हादसा बेटे के नए आईफोन की ईएमआई चुकाने को लेकर हुए घरेलू विवाद के बाद हुआ था। इस हादसे के बाद सोशल मीडिया पर युवक की मां संगीता चांदगुडे के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। वह एक लोकप्रिय यूट्यूबर थीं। उनके चैनल पर 29,000 से अधिक सब्सक्राइबर्स थे। मौत से ठीक एक दिन पहले उन्होंने रिश्तों की कद्र और उनकी अहमियत पर एक भावुक वीडियो शेयर किया था।
अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए एक मिनट के मराठी वीडियो में संगीता ने रिश्तों में आपसी सम्मान और कद्र के महत्व पर बात की थी। उन्होंने कहा था, "अपनी किस्मत उस इंसान को देने के लिए तैयार रहो जो आपकी और आपके प्यार की कद्र करता हो। अगर कोई व्यक्ति आपकी, आपके प्यार की या आप उनके लिए जो करते हैं उसकी कद्र नहीं करता है तो ऐसे इंसान के लिए कुछ भी करने का कोई मतलब नहीं है।"
आपको बता दें कि संगीता करीब छह साल पहले अपने बड़े बेटे की बीमारी से हुई मौत के बाद से अपने पति से अलग रह रही थीं। उन्होंने रिश्तों की तुलना रोटी से करते हुए कहा, “रोटी तभी अच्छी लगती है जब वह दोनों तरफ से पके। ठीक ऐसा ही रिश्तों के साथ भी है। अगर रिश्ता दोनों तरफ से निभाया जा रहा है और दोनों एक-दूसरे का सम्मान कर रहे हैं तभी उसमें रहने का फायदा है। अगर सिर्फ एक ही व्यक्ति प्रयास कर रहा है तो ऐसे रिश्ते से बाहर निकल जाना ही बेहतर है।”
![]()
ईएमआई के विवाद में खत्म हो गया परिवार
पुलिस जांच में सामने आया कि यह पूरी घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई। 18 वर्षीय कुणाल ने हाल ही में एक नया आईफोन खरीदा था और वह लगातार अपने घर वालों से उसकी किस्तें देने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर घर में बहस हुई, जिसके बाद कुणाल गुस्से में घर से निकलकर पहाड़ी पर चढ़ गया। कुणाल की जान को खतरे में देख उसके पिता मुरलीधर और मां संगीता स्थानीय ग्रामीणों के साथ उसे समझाने के लिए पहाड़ी पर पहुंचे। लगभग तीन घंटे की मशक्कत और बातचीत के बाद मुरलीधर पहाड़ी के किनारे पर खड़े कुणाल के पास पहुंचे और उसे पीछे खींचने की कोशिश की।
इस दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे 250 फीट गहरी खाई में जा गिरे। अपनी आंखों के सामने पति और बेटे को नीचे गिरते देख स्तब्ध संगीता ने भी कुछ ही सेकंड में पहाड़ी से छलांग लगा दी। खाई में गिरने के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पहले भी की थी आत्महत्या की कोशिश
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुणाल का इस पहाड़ी से पुराना नाता था। पिछले साल भी वह इसी तरह आत्महत्या के इरादे से इस पहाड़ी पर पहुंच गया था। उस समय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसकी काउंसलिंग की थी और उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया था।