जापान में सिंधु का विजय शंखनाद, यामागुची को उन्हीं के घर में हराकर रचा इतिहास, 7 सालों में सबसे बड़ी जीत

PV Sindhu Wins Maiden Japan Open Title: भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने रविवार को टोक्यो में विश्व की नंबर 3 खिलाड़ी अकाने यामागुची को उनके ही घर में हराकर अपना पहला जापान ओपन खिताब जीता. इस शानदार जीत के साथ सिंधु ने पिछले 19 महीनों से चले आ रहे खिताबी सूखे को सफलतापूर्वक समाप्त कर दिया है. आगामी वर्ल्ड चैंपियनशिप से पहले सिंधु की ये जीत काफी महत्वपूर्ण है और इससे उनका मनोबल काफी बढ़ेगा.

फाइनल मुकाबले के पहले गेम में शुरुआती तौर पर जापानी खिलाड़ी से पिछड़ने के बा सिंधु ने जबरदस्त जुझारूपन दिखाया और यामागुची को 21-14, 21-17 से हराकर खिताब अपने नाम किया. पूर्व विश्व चैंपियन की दिसंबर 2024 में घरेलू सरजमीं पर सैयद मोदी इंटरनेशनल खिताब जीतने के बाद यह पहली टूर-लेवल सफलता है.

सुपर 750 जीत सिंधु के लिए कितनी बड़ी है?

यह जीत सिंधु के करियर की पहली सुपर 750 सीरीज खिताब जीत है. साल 2019 में विश्व चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक जीतने के बाद सात वर्षों में यह उनकी सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय जीत दर्ज की गई है.

ये भी पढ़ें:  38 दिन, 103 मैचों के बाद आज मिलेगा वर्ल्ड चैंपियन, मेसी की अर्जेंटीना के सामने स्पेन

यामागुची के खिलाफ सिंधु का रिकॉर्ड

31 वर्षीय सिंधु का सामना उनके करियर में 30वीं बार यामागुची से हो रहा था. सेमीफाइनल में घायल चेन युफेई को हराने वाली सिंधु ने इस जीत के साथ यामागुची के खिलाफ अपने जीत-हार के रिकॉर्ड को सुधारते हुए 16-14 की बढ़त बना ली है. हालांकि, यामागुची ने पिछले 10 मैचों में से 7 जीते थे, लेकिन इस बार भारतीय खिलाड़ी ने फाइनल में कोई मौका नहीं दिया.