29 करोड़ बनाम 490 करोड़... FIFA वर्ल्ड कप में क्रिकेट से 17 गुना ज्यादा इनामी राशि, फाइनल की जंग पर टिकी दुनिया की नजर

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शनिवार देर रात मियामी स्टेडियम में फ्रांस और इंग्लैंड की टीमें तीसरे स्थान के मुकाबले में आमने-सामने होंगी। भारतीय समयानुसार यह मैच रात 2:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमें सेमीफाइनल में हारने के बाद अब पोडियम पर तीसरे स्थान के साथ टूर्नामेंट का शानदार समापन करना चाहेंगी। मुकाबला सिर्फ सम्मान का नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये की इनामी राशि और गोल्डन बूट की रोमांचक दौड़ का भी है।

तीसरे स्थान पर 288 करोड़ रुपये का इनाम (FIFA World Cup 2026 Prize Money)

फीफा ने इस टूर्नामेंट के लिए रिकॉर्ड इनामी राशि तय की है। विजेता को 490 करोड़ रुपये, उपविजेता को 327 करोड़, तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 30 मिलियन डॉलर (करीब 288 करोड़ रुपये) मिलेंगे, जबकि चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 28 मिलियन डॉलर (करीब 269 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि मिलेगी। यानी तीसरे और चौथे स्थान के बीच करीब 19 करोड़ रुपये का अंतर रहेगा।

दिलचस्प बात यह है कि चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को भी इतनी राशि मिलेगी, जो टी-20 विश्व कप विजेता टीम इंडिया को मिली इनामी राशि से लगभग नौ गुना अधिक है। टी-20 विश्व विजेता भारत को 3 मिलियन डॉलर (करीब 29 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि मिली थी।

सेमीफाइनल की हार के बाद वापसी का मौका

फ्रांस को सेमीफाइनल में स्पेन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जबकि इंग्लैंड को अर्जेंटीना ने फाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया। दोनों टीमें टूर्नामेंट की शुरुआत में खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही थीं, लेकिन अंतिम चार में उनकी चुनौती खत्म हो गई।

अब दोनों टीमों के पास तीसरे स्थान के साथ अपने अभियान का सकारात्मक अंत करने का मौका है। फ्रांस के कप्तान किलियान एमबाप्पे और इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन अपनी-अपनी टीम को जीत दिलाकर प्रशंसकों का भरोसा मजबूत करना चाहेंगे।

एमबाप्पे और हैरी केन पर रहेंगी निगाहें

पूरे टूर्नामेंट में किलियान एमबाप्पे और हैरी केन अपनी टीमों के सबसे भरोसेमंद गोल स्कोरर रहे हैं। दोनों ने क्वार्टर फाइनल तक शानदार प्रदर्शन किया, हालांकि सेमीफाइनल में वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। फ्रांस के लिए यह मुकाबला एमबाप्पे की कप्तानी और व्यक्तिगत प्रदर्शन को मजबूत करने का अवसर है, जबकि हैरी केन इंग्लैंड को 1966 के बाद एक और यादगार विश्व कप अभियान का सकारात्मक अंत दिलाना चाहेंगे।

गोल्डन बूट की रेस भी बेहद रोमांचक

तीसरे स्थान के मुकाबले में गोल्डन बूट की रेस पर भी सभी की नजरें रहेंगी। फिलहाल लियोनेल मेसी 8 गोल और 4 असिस्ट के साथ शीर्ष पर हैं। किलियान एमबाप्पे भी 8 गोल और 3 असिस्ट के साथ बराबरी पर हैं, लेकिन असिस्ट के आधार पर दूसरे स्थान पर हैं।

हालैंड 7 गोल के साथ तीसरे स्थान पर हैं, हालांकि उनकी टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। इंग्लैंड के जूड बेलिंघम और कप्तान हैरी केन 6-6 गोल और 1-1 असिस्ट के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में बने हुए हैं।

रैंकखिलाड़ीगोलअसिस्ट
1लियोनेल मेसी84
2किलियान एमबाप्पे83
3हालैंड70
4जूड बेलिंघम61
5हैरी केन61

FIFA World Cup 2026 की इनामी राशि

टूर्नामेंट में टीम जितना आगे बढ़ती है, उसे उतनी अधिक पुरस्कार राशि मिलती है। विजेता टीम को सबसे अधिक इनाम मिलेगा, जबकि हर चरण के अनुसार अलग-अलग पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

स्थानइनामी राशि (भारतीय रुपये)
विजेताकरीब 490 करोड़ रुपये
उपविजेताकरीब 327 करोड़ रुपये
तीसरा स्थानकरीब 288 करोड़ रुपये
चौथा स्थानकरीब 269 करोड़ रुपये
5वां-8वां स्थानकरीब 192 करोड़ रुपये
9वां-16वां स्थानकरीब 154 करोड़ रुपये
17वां-32वां स्थानकरीब 115 करोड़ रुपये
33वां-48वां स्थानकरीब 96 करोड़ रुपये

नोट: इनामी राशि का सोर्स BBC