DC vs LSG pitch report: दिल्ली कैपिटल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स में किसका पलड़ा भारी? जानिए पिच, मौसम और संभावित प्लेइंग 11

DC vs LSG Preview: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का रोमांच अपने चरम पर है. टूर्नामेंट के 5वें मुकाबले में आज (1 अप्रैल 2026) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DC) से होने जा रहा है. लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला यह मैच काफी दिलचस्प होने वाला है क्योंकि दोनों ही टीमें जीत के साथ अपने अभियान का आगाज करना चाहेंगी.

इस मैच की सबसे बड़ी हेडलाइन ऋषभ पंत हैं. दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व चहेते और कप्तान रहे पंत अब लखनऊ सुपर जायंट्स की कमान संभाल रहे हैं. अपनी पुरानी टीम के खिलाफ मैदान में उतरना उनके लिए भावुक भी होगा और चुनौतीपूर्ण भी.

हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा भारी?

वहीं दूसरी तरफ, दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी अक्षर पटेल के हाथों में है. अक्षर की कोशिश होगी कि वे अपनी फिरकी और चतुराई से दिल्ली को सीजन के पहले मैच में ही जीत दिलाएं. अगर इतिहास के पन्नों को पलटें, तो दिल्ली कैपिटल्स का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है.

इन दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 7 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से दिल्ली ने 4 जीते हैं और लखनऊ ने 3. लखनऊ के घरेलू मैदान यानी इकाना स्टेडियम की बात करें, तो यहां भी दिल्ली का रिकॉर्ड अच्छा है. दिल्ली ने यहां खेले गए 3 में से 2 मैचों में जीत दर्ज की है.

गेंदबाजों का बोलबाला

इकाना क्रिकेट स्टेडियम की पिच हमेशा से गेंदबाजों, खासकर स्पिनरों के लिए मददगार रही है. यहां रन बनाना बल्लेबाजों के लिए थोड़ा टेढ़ी खीर साबित हो सकता है. जानकारों की मानें तो पहली पारी का औसत स्कोर 170-175 के आसपास रह सकता है. ओस की भूमिका को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है ताकि बाद में गेंदबाजी के दौरान स्पिनरों को मदद मिल सके.

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

लखनऊ सुपर जायंट्स: मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, अब्दुल समद, आवेश खान, मयंक यादव, दिगवेश राठी, एनरिक नॉर्खिया, मोहम्मद शमी.

दिल्ली कैपिटल्स: पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), लुंगी एनगिडी, टी. नटराजन, आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, कुलदीप यादव.

मौसम का हाल

लखनऊ में आज मौसम साफ रहने की उम्मीद है. हालांकि आसमान में थोड़े बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है. तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा और नमी 34% होगी, जो खिलाड़ियों के लिए काफी अनुकूल स्थिति है. फैंस को बिना किसी रुकावट के पूरे 40 ओवर का खेल देखने को मिलेगा.

मैच कब और कहां देखें?

मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार रात 7:30 बजे होगी, जबकि टॉस 7:00 बजे उछाला जाएगा. टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर सीधा प्रसारण होगा. ऑनलाइन जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग होगी.