LPG गैस पर बड़ा झटका, आधी रात को बढ़े सिलेंडर के रेट, कीमत ₹2000 के पार, ईरान युद्ध के बाद तीसरी बार बढ़े दाम

LPG Price Hike: जिसका डर सता रहा था, वही हो गया. मिडिल ईस्ट वॉर के बीच, ग्लोबल मार्केट में बढ़ रही कीमत और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने से टूटते सप्लाई चेन ने भारत में महंगाई का बम फोड़ दिया है.  1 अप्रैल की आधी रात को महंगाई का एक और विस्फोट हुआ. LPG सिलेंडर के रेट फिर से बढ़ा दिए गए हैं. ईरान-अमेरिका-इजरायल युद्ध  शुरू होने के बाद से लगातार तीसरी बार सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी की गई है. 1 अप्रैल से 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम 2000 रुपये से पार हो गए हैं. तेल कंपनियों ने आज, यानी 1 अप्रैल से सिलेंडर के दाम में बड़ा इजाफा कर होटलों, रेस्टोरेंट्स, ढाबा चलाने वालों को झटका दिया है.  सिलेंडर की कीमत में करीब 200 रुपये की बढ़ोतरी की गई है.  हालांकि, बड़ी राहत की बात रही कि घरेलू सिलेंडर के रेट्स नहीं बढ़ाए गए हैं. यानी 14.2 किलो वाला रसोई गैस सिलेंडर पहले के दामों पर ही मिलेगा. 

1 अप्रैल से कितना महंगा हुआ सिलेंडर  

आज से दिल्ली में 19 किलो वाला हलवाई सिलेंडर 2078.50 रुपये में मिलेगा. चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में 2208 रुपये, मुंबई में 2031 रुपये और चेन्नई में 2246.50 रुपये का मिलेगा.  देशभर के अलग-अलग शहरों में सिलेंडर की अलग-अलग कीमत है. 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से आज एक महीने के भीतर ये तीसरी बार दाम बढ़ाए गए हैं. एक महीने के भीतर सिलेंडर के रेट्स 310 रुपये के करीब महंगे हो गए हैं. 

शहर का नाम 1 अप्रैल से कीमत रुपये में     7 मार्च  की कीमत रुपये में 1 मार्च की कीमत  रुपये में
दिल्ली   2078.50  1883      1768.50
कोलकाता 2208      1990    1875.50
मुंबई     2031    1835 1720.50   
चेन्नई 2246.50      2043.50      1996 

14 किलो वाले सिलेंडर का रेट क्या है ?  

तेल कंपनियों ने बढ़ती लागत को देखते हुए 7 मार्च 2026 को 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में एकाएक 60 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी कर दी थी. बता दें कि तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को रेट की समीक्षा कर कीमतों में बदलाव करती है. जिस तरह से वैश्विक हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. सप्लाई पर संकट मंडरा रहा है. लोगों के मन में डर सता रहा था कि 1 अप्रैल को तेल कंपनियां घरेलू सिलेंडर के रेट्स भी बढ़ा सकती है, लेकिन तेल कंपनियों ने इसमें बड़ी राहत दी है.  सिर्फ कमर्शियल सिलेंडर के रेट्स बढ़ाए गए हैं.1 अप्रैल को देश के 4 प्रमुख शहरों में रसोई गैस सिलेंडर के रेट्स कुछ इस तरह से हैं....

1. दिल्ली में  913 रुपये 

2. कोलकाता  939 रुपये  

3. मुंबई   912.50 रुपये  

4.  चेन्नई 928.50 रुपये  

क्यों महंगा हो रहा है LPG गैस ?   

भारत गैस से जुड़ी अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए आयात पर निर्भर है. जरूरत का 90 फीसदी तक गैस मिडिल ईस्ट के देशों जैसे कतर, कुवैत, सऊदी अरब, यूएई जैसे देशों से आता था, लेकिन युद्ध की वजह से इन देशों से गैस का आयात मुश्किल हो गया है. वहीं ग्लोबल मार्केट में गैस की कीमत बढ़ रही है. भारत को अमेरिका, नार्वे, ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना जैसे देशों से गैस खरीदना पड़ रहा है, जहां से शिपिंग काफी महंगी है. ऐसे में बढ़ते बिल के दबाव के चलते सिलेंडर के दाम बढ़ रहे हैं.