20 से ज्यादा देशों में फैला कोरोना का नया वेरिएंट! जानें कितना है खतरनाक और कैसे करें बचाव

New Covid Variant Symptoms And Treatment: दुनियाभर के 20 से अधिक देशों में कोविड-19 के नए मामलों ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। इस बार संक्रमण के पीछे कोरोना का नया सब-वेरिएंट BA.3.2 बताया जा रहा है, जिसे कुछ जगहों पर 'सिकाडा' नाम से भी जाना जा रहा है। यह वैरिएंट अमेरिका समेत कई देशों में पाया जा चुका है, हालांकि भारत में अब तक इसका कोई मामला सामने नहीं आया है। वहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) इस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों को सतर्क रहने के साथ घबराने से बचने की सलाह दे रहा है। आइए जानते हैं कितना खतरनाक है कोरोना का ये नया रूप और कैसे होगा बचाव...

क्या है कोरोना का नया वेरिएंट BA.3.2

कोरोना वायरस ने अभी तक अपने कई रूप बदले हैं, जिसमें एक नया वेरिएंट BA.3.2 बीते कुछ दिन पहले ही सामने आया है। जो ओमिक्रॉन परिवार का उप सदस्य है। हालांकि इस वायरस की इस फैमिली में म्यूटेशन ज्यादा होता है, जो इसे दूसरों से अलग बनाता है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो इस नए वेरिएंट में भी 70-75 अलग-अलग म्यूटेशन होने का अनुमान है, जिनमें से ज्यादातर स्पाइक प्रोटीन में होंगे। प्रोटीन वायरस का वह हिस्सा है जो इसे इंसानी कोशिकाओं पर हमला करने में मदद करता है। यह हमारे इम्यून सिस्टम को भी चकमा देकर तेजी से फैलता है। हालांकि हेल्थ एक्सपर्ट अभी इसे जानलेवा मानने को तैयार नहीं है।

कितना खतरनाक है कोरोना का नया वेरिएंट

एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिलहाल कोरोना के बदले हुए रूप से घबराने की कोई जरूरत नहीं है। वहीं भारत में अभी इस वेरिएंट का कोई मामला सामने नहीं आया है, जो इसकी गंभीरता को कम दिखाने का एक बड़ा संकेत है। उम्मीद है कि देश में कोरोना के लिए हुआ वृह्द टीकाकरण लोगों की नए वेरिएंट से भी सुरक्षा करने में सक्षम होगा। हालांकि किसी भी तरह के लक्षण दिखते ही तुरंत जांच करानी चाहिए।

नए कोरोना वेरिएंट BA.3.2 के लक्षण - New Covid Variant Symptoms in Hindi

  • इसमें बुखार, थकान और गले में खराश आम संकेत हैं।
  • इसके अलावा सूखी खांसी और नाक बहना या बंद होना भी देखा जाता है।
  • वहीं कुछ लोगों में सिरदर्द, बदन दर्द और हल्की सांस लेने में परेशानी हो सकती है।

हालांकि फिलहाल इस वेरिएंट के अन्य वैरिएंट्स से ज्यादा खतरनाक होने का कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला है।

कोरोना वेरिएंट BA.3.2 से बचाव के उपाय - New Covid Variant Prevention in Hindi

  • भीड़-भाड़ वाली जगहों जैसे अस्पताल या पब्लिक ट्रांसपोर्ट में हमेशा अच्छी क्वालिटी का मास्क (N95/सर्जिकल) लगाकर ही सफर करें।
  • बाहर से घर में वापस आने पर साबुन से हाथ धोएं या सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें।
  • कोविड वैक्सीन और बूस्टर डोज समय पर जरूर लें, इससे गंभीर संक्रमण का खतरा कम होता है।
  • कम वेंटिलेशन वाली जगहों और ज्यादा भीड़ में जाने से बचें, खुली और हवादार जगहों को प्राथमिकता दें।
  • बैलेंस डाइट लें, पर्याप्त नींद लें और नियमित व्यायाम करें इससे इम्यूनिटी मजबूत होगी और वायरस से बचाव हो सकेगा।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें हिंदी में पढ़ें और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ जैसे कि बिज़नेस, एंटरटेनमेंट, क्रिकेट, लाइफस्टाइल, एजुकेशन और वायरल Times Now Navbharat पर।