Vaibhav Suryavanshi: 'ऐसा खिलाड़ी मैंने कभी नहीं देखा', 14 साल के वैभव सूर्यवंशी पर फिदा जोस बटलर
![]()
इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी जोस बटलर भी भारत के 14 साल के वैभव सूर्यवंशी के मुरीद हो गए हैं। उन्होंने वैभव की तारीफ में कसीदे पढ़ते हुए उन्हें सर्वश्रेष्ठ बताया है। बटलर ने कहा कि उन्होंने अब तक जितने भी युवा खिलाड़ी देखे हैं, उनमें वैभव सर्वश्रेष्ठ हैं। वैभव ने अंडर-19 विश्वकप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंद में 175 रन की पारी खेली थी।
बटलर ने पॉडकास्ट में कही यह बात
'लव फॉर क्रिकेट' पॉडकास्ट में बात करते हुए बटलर ने कहा कि 14 साल की उम्र में जो कमाल वैभव कर रहे हैं, सोचिए जब वह 16, 18 या 20 साल के हो जाएंगे, तो क्या-क्या कमाल दिखाएंगे। उन्होंने कहा, 'अब तक मैंने जितने भी खिलाड़ी देखे हैं, उनमें वैभव सर्वश्रेष्ठ हैं। मैं इसलिए यह कह रहा हूं, क्योंकि 14 साल की उम्र में और कौन इतना कमाल दिखा रहा था। अगर वह 14 साल की उम्र में ऐसा कर रहे हैं तो आगे चलकर और क्या-क्या कमाल दिखाएंगे।'
पॉडकास्ट में बटलर के साथ पहुंचे मार्क वुड भी मौजूद थे। उन्होंने बटलर का जवाब देते हुए कहा, 'यह आपकी ओर से दिया गया बहुत बड़ा बयान है।' वुड ने पूछा, 'क्या आप उन्हें आगे चलकर एक सुपरस्टार के रूप में देखते हैं या फिर आपको लगता है कि आगे चलकर उनका करियर पटरी से उतर जाएगा?'
वुड के सवाल पर बटलर का जवाब
इसके बाद जवाब में बटलर ने कहा कि सूर्यवंशी के टैलेंट पर कोई सवाल नहीं है। 14 साल की उम्र में ऊंचाइयों तक पहुंचना तारीफ के काबिल है। वह आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बनकर अपने टैलेंट को साबित किया है। बटलर ने कहा, 'मुझे इसमें शक नहीं कि वह आगे चलकर बड़े स्टार बनेंगे और वह बनें भी क्यों न! 14 साल की उम्र में वह जैसा खेल रहे हैं और अगर वह आईपीएल में न खेले होते तो आप कह सकते थे कि हां उन्होंने यह कमाल सिर्फ अंडर-19 विश्वकप में किया है। लेकिन उन्होंने फाइनल जैसे हाई प्रेशर मैच में जिस तरह की पारी खेली, वह देखना शानदार था। हालांकि, अब यह देखने वाली बात होगी कि वह सीनियर क्रिकेट में जब कदम रखेंगे तो क्या कमाल करते हैं। पर वह अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों का सामना पहले ही कर चुके हैं। आईपीएल में उनके नाम शतक है और आईपीएल की डेब्यू पारी की पहली ही गेंद पर वैभव ने छक्का लगाया था।'
सूर्यवंशी ने बना डाले थे कई रिकॉर्ड
भारतीय अंडर-19 टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शुक्रवार (6 फरवरी) को क्रिकेट इतिहास में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसकी मिसाल मिलना मुश्किल है। जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए आईसीसी पुरुष अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ वैभव ने महज 80 गेंदों में 15 चौके और 15 छक्के की मदद से 175 रनों की विस्फोटक पारी खेली। यह पारी आईसीसी के किसी भी टूर्नामेंट फाइनल (पुरुष, महिला और सभी आयु वर्ग) में बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गई। इससे पहले यह रिकॉर्ड ट्रेविस हेड के नाम था, जिन्होंने 2023 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहली पारी में 163 गेंद में 174 रन बनाए थे। इस पारी के साथ ही उन्होंने कई रिकॉर्ड तोड़े थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया था।